बदायूं। शहर में फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या की धमकी देने वाला युवक अपने परिवार वालों से नाराज था। परिवार वालों की सूचना पर थाना पुलिस उसको पकड़ लाई लेकिन बाद में उसे परिवार के ही हवाले कर दिया गया।
शहर की न्यू आदर्श नगर कॉलोनी निवासी एक युवक ने बुधवार को फेसबुक पर लाइव आकर कहा था कि वह जान देने जा रहा है। आप लोग उसकी मौत को इंज्वाय करो। वह मौत का लाइव डेमो दिखाएगा कि कैसे मौत आती है। उसका लाइव देखकर लोगों ने पुलिस को कॉल कर दी। युवक के परिवार वालों ने भी पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले आई। जहां पूछताछ में पता चला कि युवक अपने परिवार वालों से नाराज था। इसलिए वह जान देने की धमकी दे रहा था। बहरहाल पुलिस ने उसे समझा दिया है। युवक ने भी कहा है कि वह आत्महत्या नहीं करेगा। इससे परिवार वाले उसे अपने साथ घर ले गए हैं। संवाद