बदायूं/उसहैत। गंगा और रामगंगा नदी का जलस्तर सोमवार को घट गया। गंगा में पिछले 24 घंटों में 10 सेंटीमीटर जल कम हुआ। यही हाल रामगंगा का है, रविवार को रामगंगा का जलस्तर 159.880 था, जो सोमवार को 159.700 रह गया है। हालांकि गंगा अभी खतरे के निशान से 24 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है
पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों पर अपेक्षाकृत कम बारिश हो रही है। इसका नतीजा यह है कि बैराजों से पिछले दिनों की अपेक्षा पानी कम छोड़ा गया है। इसकी वजह से जिले में होकर बह रही गंगा और रामगंगा का जलस्तर अब कम होने लगा है। हालांकि उसहैत क्षेत्र के गांव कमलैयापुर, जटा, प्रेमी नगला, ठकुरी नगला व जसमंत नगला, भकरी, बेहटी, बल्ले नगला में गंगा का पानी गांवों के रास्ते तक पहुंच गया था।
गंगा का जलस्तर कम होने लगा है। इससे लोगों को राहत मिल रही है। पानी कम होने से अब रास्तों पर कीचड़ होने लगी है। साथ ही गांवों में बीमारी फैलने का भी खतरा है, क्योंकि अब मच्छर आदि तेजी से पनपेंगे। समय रहते फागिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया तो आने वाले समय में दिक्कत और बढ़ जाएंगी।
बैराजों से छोड़ा गया ढाई लाख क्यूसेक पानी
बाढ़ खंड के अनुसार, सोमवार को नरौरा से 1,28,716 क्यूसेक, बिजनौर से 47,807 क्यूसेक और हरिद्वार से 72,617 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। कुल 2,49,140 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि अब पानी कम हो रही है। आने वाले समय में और पानी कम होने वाला है।