बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव बगुली नगर निवासी मोदप्रकाश पाल के घर में हुई चोरी के बाद पुलिस ने खुलासा कर एक आरोपी को जेल भेज दिया। पीड़ित ने खुलासे पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा है कि माल की बरामदगी हुई नहीं, ऐसे में जेल भेजा गया चोर वह चोर नहीं है, जिसने उनके यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजते हुए बताया कि उनके घर पर 19 अक्तूबर की रात को चोरों ने घर में घुसकर खिड़की तोड़कर नगदी सहित करीब 50 लाख रुपये की चोरी कर ली थी, जिसकी तहरीर पुलिस को दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने चोरी का मौका मुआयना किया था। इसके बाद पुलिस ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच करके थाना अलापुर क्षेत्र के गांव गभियाई निवासी फजर अली पुत्र सरफराज को पकड़ कर ले आई।
पुलिस ने पीड़ित को शिनाख्त के लिए थाने बुलाया तो पीड़ित और उसकी पत्नी ने थाने में बंद व्यक्ति को देखा तो वह कहने लगा कि मैंने आपके यहां चोरी नहीं की है। मैंने तो बदायूं के सिविल लाइंस थाने के एक मेडिकल स्टोर में चोरी की थी। इसके बाद दिल्ली चला गया था। पुलिस पकड़कर जबरन चोरी का इलजाम लगाकर जेल भेज रही है। खुलासे से असंतुष्ट पीड़ित ने अब मुख्यमंत्री से शिकायत की है।