बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के गद्दी चौक पर आंधी में लगभग 50 साल पुराने भारी भरकम पेड़ के टेंपो पर गिरने के दौरान जान गंवाने वाली शबा अलीम बिनावर से घर लौट रही थीं। वह बिनावर में एक बाइक की एजेंसी पर नौकरी किया करती थीं। हादसा देखकर स्थानीय लोगों ने जैक लगाकर पेड़ हटाने की कोशिश की। बाद में पेड़ को काटकर दबे टेंपो को निकाला। टेंपो से निकाले जाने के दौरान युवती की सांसें चल रही थीं। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिनावर से सवारी लेकर आ रहे टेंपो में पीछे की सीट पर दो सवारी बैठी थीं। एक जालंधरी सराय निवासी शबा अलीम और दूसरे उसहैत के संतोष कुमार बैठे थे। चालक टेंपो में सवारी लेकर लावेला चौक की ओर आ रहा था। इसी दौरान शाम के समय आंधी आ गई। टेंपो के गद्दी चौक पर पहुंचते ही चौक पर पाकड़ का पेड़ टेंपो पर गिर गया। इससे टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक टेंपो छोड़कर मौके से भाग निकला, लेकिन टेंपो में पीछे की सीट पर बैठीं शबा अलीम पेड़ के भारी हिस्से के नीचे दब गईं। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें निकाला जा सका। वहीं, साथ बैठे उसहैत के संतोष के सीधे कंधे में झटका लगने से गंभीर चोटें आई हैं। उधर, गद्दी चौक पर टेंपो पर पेड़ गिरने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। पेड़ गिरने से वहां पर देर रात तक यातायात प्रभावित रहा।
मां बोली- पति के बाद बेटे की तरह घर संभाल रही थी बेटी, नवंबर में होनी थी शादी
गद्दी चौक हादसे में जान गंवाने वाली शबा अलीम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शबा की मां ने बिलखते हुए कहा कि पति के निधन के बाद उनकी बेटी ही परिवार का सहारा थी। वह बेटे की तरह घर की जिम्मेदारियां निभा रही थी। हर छोटे-बड़े काम में परिवार के साथ खड़ी रहती थी। मां ने कहा कि सोमवार को भी वह अपने काम से निकली थी। किसे पता था कि वह घर वापस नहीं आएगी। शाम के समय पूरा परिवार उसका घर लौटने का इंतजार कर रहा था। मां ने बताया कि शबा की शादी नवंबर में होनी थी।घटना के बाद मोहल्ले में शोक है।
पोस्टमॉर्टम नहीं कराने पर अड़े परिजन
जिला अस्पताल में परिजन युवती के शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस और चिकित्सकों की टीम के समझाने के बाद भी परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। इस दौरान हल्की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव स्वजन को सौंप दिया।
गद्दी चौक पर टेंपो के ऊपर पेड़ गिरने से उसमें बैठी युवती की दबकर मौत हो गई। संवाद
गद्दी चौक पर टेंपो के ऊपर पेड़ गिरने से उसमें बैठी युवती की दबकर मौत हो गई। संवाद
गद्दी चौक पर टेंपो के ऊपर पेड़ गिरने से उसमें बैठी युवती की दबकर मौत हो गई। संवाद
गद्दी चौक पर टेंपो के ऊपर पेड़ गिरने से उसमें बैठी युवती की दबकर मौत हो गई। संवाद