बदायूं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार रात कछला के पास हसनपुर पुख्ता के पास गाड़ी चेक करने के दौरान देसी घी बरामद किया है। प्रथम दृष्टया देखने पर वह मिलावटी लगा है। गाड़ी में मौजूद देसी घी का सैंपल भरकर 1605 किलो देसी घी को सीज कर दिया है। विभाग ने 10.53 लाख रुपये कीमत बताई है।
पड़ताल में सामने आया है कि शहर के नेहरू चौक स्थित सर्वेश्रेष्ठ घी स्टोर मालिक पंकज भारद्वाज की ओर से देसी घी को दूसरे जगह भेजा जा रहा था, ताकि इस घी का उपयोग आने वाले त्योहार के समय में किया जा सके। सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मिली तो उन्होंने कछला के पास घी की गाड़ी पकड़ ली। गाड़ी चेक करने पर काफी मात्रा में देसी घी मिला। घी मालिक पंकज भारद्वाज की ओर से उपलब्ध कराई जगह पर देसी घी सुपुर्दगी में दे दिया है। टीम ने देसी घी के सभी कनस्तर को सील कर दिया। वहीं, पंकज भारद्वाज ने विभागीय अधिकारियों को बताया कि वह इस घी को दिल्ली ले जा रहे थे। हालांकि इस दौरान किसी भी देसी घी के कनस्तर पर किसी भी कंपनी का स्टीकर नहीं लगा था। जबकि सभी कनस्तर नए थे।
खोया, मिठाई के भी लिए सैंपल
- खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले भर में छापामार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत टीम ने बुधवार को खोया, मिठाई आदि के नमूने लिए हैं। जिसको घी के सैंपल के साथ ही जांच के लिए भेजा जाएगा। वहां पर रिपोर्ट आने के बाद में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
-चेकिंग के दौरान एक गाड़ी पर संदेह हुआ। इस पर उसे चेक किया। उसमें 1605 किलो देसी घी मिला है। मिलावटी होने पर सीज कर दिया है। सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है।
-सीएल यादव, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वितीय