ठगी की घटना के बाद मौके पर खड़े पीड़ित व अन्य लोग। संवाद
- फोटो : स्रोत प्रशासन
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटियाली सराय की रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुखरानी को दो युवकों ने झांसे में लेकर सोने के कुंडल व अंगूठी उतरवा ली और भाग गए। वह एक निजी अस्पताल में जन्में साथी के नाती को देखकर लौट रहीं थीं। इंद्रा चौक के पास दो युवकों ने उनको झांसे में लेकर घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने डायल 112 पुलिस को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पीड़िता के पति प्रमोद कुमार ने बताया कि पत्नी सुखरानी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उनके एक साथी के यहां नाती का जन्म हुआ है। बृहस्पतिवार को वह पति के साथ चाय लेकर इंद्रा चौक के पास एक निजी अस्पताल आईं थीं। पति बच्चों को लेकर स्कूटी से घर चले गए, जबकि सुखरानी पैदल ही घर आ रहीं थीं।
इसी बीच इंद्राचौक से निकलकर पेट्रोल पंप के पास दो युवक आए और सुखरानी से कासगंज जाने का रास्ता पूछने लगे। उन्होंने उनको रास्ता बताया। तभी एक युवक ने कहा कि हमारे साथ जो है, उसके पास किराए के रुपये नहीं हैं। आप कुछ रुपये दे दो, जिससे हम घर चले जाएंगे। सुखरानी ने रुपये देने से मना कर दिया। इस पर दोनों युवकों ने किसी तरह सुखरानी को अपने जाल में फंसाया और गली में ले गए।
वहां उनकी अंगूठी व कानों के कुंडल उतरवा लिए। रुमाल में बांधकर कुछ दे दिया और कहा बहन आपके यह कुंडल व अंगूठी हैं। दोनों ठग अंगूठी और कुंडल लेकर मौके से भाग गए। सुखरानी ने बताया कि दोनों ठगों ने मेरा दिमाग घुमा दिया था। मैने आसानी से अंगूठी व कुंंडल दे दिए। जब रुमाल खोलकर देखा तो उसमें छोटे-छोटे कंकट निकले।
ठगी होने का एहसास हुआ तो उन्होंने अपने पति को फोन करके बुलाया। वह मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सुखरानी ने सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
ठगी की घटना के बाद मौके पर खड़े पीड़ित व अन्य लोग। संवाद- फोटो : स्रोत प्रशासन
ठगी की घटना के बाद मौके पर खड़े पीड़ित व अन्य लोग। संवाद- फोटो : स्रोत प्रशासन