सलीम को सम्मानित करते एसएसपी। स्रोत- पुलिस मीडिया सेल
बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के खेडा बुजुर्ग स्थित सर्वेश्वर साईं मंदिर के पुजारी मनोज शंखधार की हत्या व लूटपाट की गुत्थी को बदायूं पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया। घटना के खुलासे में स्थानीय नागरिक की सतर्कता और तत्परता ने पुलिस की मदद की, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को विशेष रूप से सम्मान समारोह आयोजित कर प्रतिष्ठान स्वामी को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
बीते रविवार को हुई वारदात के बाद जांच के दौरान पुलिस को आरिफपुर नवादा निवासी सलीम की ओर से मुहैया कराए गए सीसी फुटेज से अहम जानकारी मिली। उनके प्रतिष्ठान के बाहर मुख्य मार्ग की ओर लगे कैमरों ने घटना से संबंधित अहम गतिविधियों को रिकॉर्ड कर लिया था। इसके बाद ही मामले का खुलासा किया जा सका।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने सलीम को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में जो सहयोग दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। इस मौके पर एसपी ग्रामीण ह्देश कठेरिया, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।