बिसौली। कृषि अनुसंधान इंटर कॉलेज हुसैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के सेवानिवृत्त हवलदार नारायण हरि शर्मा ने छात्राओं को उनकी शक्ति का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि देश सेवा के जज्बे में बेटियां बेटों से कमतर नहीं हैं। आज के दौर में बेटियां भी बेटों की तरह देश का नाम ऊंचा कर रही हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में नारायण हरि शर्मा ने कहा कि छात्राएं किसी भी तरह खुद को कम न समझें। उनमें वह शक्ति है, जिसके दम पर वे देश का नाम और भी ऊंचा कर सकती हैं। आज हर क्षेत्र में बेटियां अपनी सफलता का परचम फहरा रही हैं। सेना में भी बेटियों ने अपनी पहचान बनाकर न केवल अपने माता पिता का बल्कि देश का नाम भी ऊंचा किया है।
उन्होंने कहा कि वे अपनी शक्तियों को पहचानें और अपराजिता बनकर काम करें। फिर दुनिया की कोई शक्ति उसके हौसले को कम नहीं कर सकती। कहा कि अग्निवीरों में महिला शक्ति की भारी संख्या देख सुखद अनुभूति हो रही है। छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ें और देश व समाज को शिखर पर पहुंचाने का संकल्प लें। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को सेना में कॅरियर बनाने के भी टिप्स दिए। कॉलेज के प्रधानाचार्य वीरेश पाठक, इंद्रपाल शर्मा, श्यामवीर, हरकेश यादव, चंद्रगुप्त मौर्य, नितिन मिश्रा आदि उपस्थित रहे। संचालन नितिन मिश्रा ने किया।
पराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते सीआरपीएफ के रिटायर्ड हवलदार नारायण हरि शर्मा- फोटो : BADAUN