हाईवे पर हादसे में तीन लोगों की मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जिस ओवरलोड ट्रक की टक्कर से मैजिक चालक और पिता-पुत्र की मौत हो गई, वह बेहिसाब गति से दौड़ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक पेड़ तक टूटकर गिर गया। इसके बाद भी जब मैजिक से टकराया तो उसके परखचे उड़ गए।
मुड़िया धुरेकी कस्बे के नजदीक जिस जगह हादसा हुआ, वहां हाईवे के दोनों ओर कई दुकानें हैं। कुछ लोगों ने अपनी दुकानें खोल ली थीं। प्रत्यक्षदर्शी दुकानदारों की माने तो जब ट्रक का ऊपरी हिस्सा पेड़ की डाल से टकराया था। तब ट्रक का अगला हिस्सा जमीन से कुछ ऊपर उठ गया था। रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ टूट गया और वह दुकानों की ओर जा गिरा। वहीं नजदीक में मुड़िया निवासी सुकेश कुमार खड़े थे, जो पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गए जबकि कुछ दुकानदार बाल-बाल बच गए।
रफ्तार का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पेड़ से टकराने के ट्रक जब मैजिक से भि़ड़ा तो मैजिक कई फुट पीछे खिसक गया। उसका अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। उसमें फंसकर चालक गुलमोहम्मद और हाजी इमरान की मौत हो गई। दोनों के शव वाहन काटकर निकाले गए थे। बताया जा रहा है कि मैजिक में पीछे बैठे इजहार और इजहान उछलकर उसकी बॉडी से टकरा गए, जिससे इजहार की मौत हो गई। इजहान गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मुड़िया निवासी पोस्टमास्टर सचिन टांक भी मौजूद थे। उन्होंने ही पुलिस और एंबुलेंस को कॉल करके बुलाया था।
-
मुरादाबाद में ऑटो चलाता था गुलनवाज
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के मोहल्ला करूला जयंतीपुर निवासी गुलनवाज ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा कर रहा था। वह तीन भाइयों में मझला था। उसकी दो साल की एक बेटी है। पहले वह अपनी मैजिक चलाता था। उसके पास दो मैजिक थीं। दो माह पहले ही उसने दोनों बेच दीं। इसके बाद गुलनवाज ने ऑटो खरीद लिया और रोजाना सवारियों को ढोकर पैसे कमा रहा था। हाजी इमरान ने उससे ही कबाड़ा लाने को कहा था। इससे वह दानिश का मैजिक लेकर आ गया।
दो भाइयों में छोटा था इजहार
कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला करूला निवासी हाजी इमरान छोटे-छोटे दुकानदारों से कबाड़ खरीदकर बड़े व्याारियों को थोक में बेच देते थे। उनके तीन बच्चे हैं। उनमें सबसे बड़ा इजहान, उससे छोटा इजहार था। उससे छोटी बेटी उमरा है। दोनों भाई अपने पिता के साथ यही कबाड़ का काम करते थे। बुधवार को भी वह कबाड़ खरीदने बदायूं आए थे।