मंगलवार रात एआरएम ने परिचालक के खिलाफ दर्ज कराई थी एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कासगंज जिले में बिना टिकट यात्रियों को ले जाते पकड़े गए चालक ओमकार और परिचालक प्रवीन कुमार को बर्खास्त कर दिया गया। इस मामले में मंगलवार रात एआरएम अशोक कुमार ने एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना थाना पुलिस ने शुरू कर दी है।
मामला मंगलवार दोपहर का है। उस दौरान बदायूं डिपो की बस कासगंज जिले में बिना टिकट यात्रियों के पकड़ी गई थी। उसमें कुल 33 यात्री सवार मिले थे, जिसमें 23 यात्री बिना टिकट पाए गए थे। एआरएम अशोक कुमार का कहना था कि बदायूं से बस रवाना होने के आधा घंट बाद उन्हें सूचना मिली कि परिचालक शराब के नशे में है। उसने यात्रियों से टिकट के रुपये ले लिए हैं लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया है। इस पर उन्होंने अलीगढ़ जिले के सचल दल से संपर्क करके बस की चेकिंग करवा दी तो मामला सही निकला। रात को एआरएम ने परिचालक प्रवीन कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत एफआईआर दर्ज करा दी। मामले में चालक-परिचालक की संविदा भी समाप्त कर दी गई।
-
छात्रा से आपत्तिजनक हरकत करने वाले चालक की नौकरी गई
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक छात्रा से आपत्तिजनक हरकत करने के मामले में चालक दीपेंद्र की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
छात्रा मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस में सवार होकर बिसौली आ रही थी। वह चंदौसी के एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। उसका आरोप था कि कैथल निवासी चालक दीपेंद्र चंदौसी से उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करता आ रहा था। छात्रा ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एआरएम मुरादाबाद प्रेम सिंह ने बृहस्पतिवार को चालक के खिलाफ कार्रवाई की। संवाद