उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले धरने में शामिल हुए शिक्षक व शिक्षिकाएं। संवाद
बदायूं। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के प्रांतीय आह्वान पर बृहस्पतिवार को डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया गया। जिलाध्यक्ष मुन्नालाल शाक्य और जिला मंत्री अनिल पंवार के नेतृत्व में शिक्षकों ने 22 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया।
जिलाध्यक्ष मुन्नालाल शाक्य ने कहा कि वर्तमान समय में माध्यमिक शिक्षक सेवा सुरक्षा और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। संगठन शिक्षकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। प्रदेश मंत्री प्रमोद कुमार पाठक ने कहा कि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण करने, वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों के लिए सेवा नियमावली बनाकर सम्मानजनक वेतन की मांग की।
जिला मंत्री अनिल पंवार ने एनपीएस खातों के नियमित अपडेट, प्रत्येक माह अंशदान जमा कराने तथा 2005 से पूर्व विज्ञापन के आधार पर नियुक्त शिक्षकों के जीपीएफ खातों में ब्याज सहित धनराशि भेजने की मांग उठाई। इसमें सावन माह में ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए शनिवार और सोमवार को माध्यमिक व राजकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित करने, लंबित वेतनमान, चयन व प्रोन्नत वेतनमान, एरियर भुगतान, पदोन्नति, अवकाश तालिका जारी करने की मांग की। धरने में बरेली मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, महिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीण रानी, संयुक्त मंत्री गुड्डू सिंह यादव, अटेवा जिला प्रभारी अनिल कुमार यादव आदि मौजूद रहे।