नींब करौरी महाराज जयंती समारोह का समापन
सेवादारों ने भजन-कीर्तन में की बाबा की जय-जयकार
नींब करौरी महाराज के जयंती समारोह का दूसरे दिन रविवार को भजन-कीर्तन के साथ समापन हो गया। सेवादारों ने सुबह में यज्ञ कराया। कन्याभोज के बाद शुरू भंडारे में हजारों की संख्या में बाबा के भक्त जुटे। नींब करौरी महाराज के जयकारों के बीच उन्होंने प्रसाद पाया।
हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में जयंती समारोह में सुबह में हवन-पूजन के दौरान सेवादारों ने अध्यक्ष संजय साहू की मौजूदगी में आहुतियां अर्पित कीं। भक्तों ने बाबा का कीर्तन किया। महिला भक्तों ने भी धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर मंगलगीत गाए। दोपहर तक चले धार्मिक कार्यक्रम के बाद सबसे पहले कन्याभोज कराया गया। कन्याओं को दक्षिणा भी भेंट की गई। भंडारे में जुटे भक्तों को भोजन कराया गया। शाम तक चले भंडारे में सेवादारों ने भक्तों की सुविधा का भी ख्याल रखा।
कार्यक्रम स्थल पर बाबा की झांकी को फूलबंगला के रूप में सजाया गया। बाबा के दरबार में भक्तों ने मत्था टेक कर झांकी की परिक्रम की। कलाकारों ने धार्मिक भजनों पर नृत्य किया। सेवादारों में विजय गोपाल वार्ष्णेय, त्रिलोकीनाथ बांगड़ा, मनोज वार्ष्णेय, सतीश चंद्र, महेशचंद्र शर्मा, योगेश वार्ष्णेय, नवल किशोर भाया, राहुल वार्ष्णेय, अजय गोपाल, दर्शन धवन, राजू भूटानी, राजेंद्र गंगवार, सौरभ शर्मा, प्रदीप शर्मा, केशव गर्ग, धर्मेंद्र वार्ष्णेय, टीटू शर्मा, इंद्रपाल वार्ष्णेय, सुनील सचदेवा और दीपक वार्ष्णेय का व्यवस्थाओं में सहयोग रहा।
-----
चाय और हलुवा भी बंटवाया
उझानी। बाबा नींब महाराज के जयंती महोत्सव में शामिल होने के लिए समिति के अलावा कई और लोगों का भी सेवाभाव में सहयोग रहा। भंडारा स्थल के बाहर व्यापारियों ने चाय और हलुवा का वितरण कराया। बाबा के जीवन से जुड़े साहित्य का भी वितरण किया गया। साहित्य में बाबा के करिश्मों से लेकर उनके आश्रमों की जानकारियां उल्लखित हैं।