बदायूं। जिले में बुखार का प्रकोप बच्चों पर भारी पड़ रहा है। 27 दिनों में अलग-अलग गांवों और अलापुर नगर पंचायत के वार्ड छह स्थित इमलिया नगला में 19 बच्चों की मौत हो गई। लगातार हो रहीं मौतों के बाद भी गांवों में हालात बदलते नजर नहीं आ रहे। गलियों में गंदगी, जगह-जगह जलभराव और सफाई की बदहाल व्यवस्था है। लगातार मौतें होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही।
जिले में तीन अक्तूबर को सहायपुर गांव में योगेश (6), सात अक्तूबर को मोरपाल (14), आठ अक्तूबर को नैथु गांव में सत्यवीर (12), रोशनी (15), लकी (20), अनुराधा शाक्य (17), 11 अक्तूबर को कथौला गांव में प्रियांशी (6), अनूप (11), अनमोल (1), संध्या (6), कीर्ति (14), 19 अक्तूबर को दूंदपुर निवासी इरफान (28), 23 अक्तूबर को रेहड़िया गांव की रामा (20), 28 अक्तूबर को दिसौलीगंज की शालनी (17) की मौत हो गई।
एक नवंबर को मझिया गांव में प्रिया सागर (4), निशा (11) और अलापुर के वार्ड नंबर छह इमलिया नगला में याचना (4), करन (8) और ह्देश (9 माह) की मौत हो गई। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायती राज विभाग और नगर निकाय पर असर नहीं दिखाई दिया। जिला पंचायत राज विभाग, नगर पंचायत सफाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं ही निभाते नजर आ रहे। विभागीय अधिकारी केवल कार्यालय में बैठक औपचारिकताएं ही निभा रहे हैं, जिसकी वजह से बच्चों की मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
-
मझिया गांव में स्कूल में बीमार हुए 10 बच्चे, सभी को घर भेजा
गांव मझिया में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है। सफाई कराने के नाम पर जिला पंचायत राज विभाग की ओर से लापरवाही की जा रही है। स्थिति यह कि बुधवार को सचिव अपराह्न सवा बजे गांव पहुंचे। पंचायत भवन गेट पर गंदगी फैली थी। पास में स्कूल के बाहर गंदगी का ढेर लगा था। नालियाें में कीड़े पनप रहे थे। लोगों ने सफाई के बारे में पूछा तो उन्होंने अपने को व्यस्त बताया। बाइक से उतरने तक की फुरसत नहीं दिखी।
पंचायत भवन में बाइक पर बैठे रहे। महज चार मिनट में कोरम पूरा कर चले गए। उधर, ग्रामीण सफाई की मांग करते रह गए। बुधवार को पंचायत भवन में स्थित परिषदीय विद्यालय में 10 बच्चे (राधव, रिंकी, आस्था, नीतू, प्रियांशू, आरूष सागर, लक्ष्मी, देव, शालू, प्रतीक) स्कूल पहुंचे। बुखार होने की जानकारी पर उन्हें शिक्षक ने घर भेज दिया।
फोटो-
मृतकों के परिजनों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल
वार्ड में सफाई व्यवस्था बेहाल है, बावजूद इसके अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। इसकी वजह से दिक्कत लगातार बढ़ रही है। स्थिति ऐसी रही तो आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं। -लालमन, अलापुर
फोटो-
वार्ड के अलावा पूरे अलापुर में गंदगी फैली हुई है। अधिकारियों को कमरों और लग्जरी गाड़ियों से निकलने की फुरसत तक नहीं। उनकी इसी लापरवाही के चलते बच्चों की जान पर बन आई है। -उमेश, अलापुर
गांव में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। बुधवार को भी छह गांव में शिविर लगाए गए। जो भी बुखार या अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं, उनको तत्काल दवाएं और अन्य उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। -डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ
गांव गिरधरपुर में बुखार से किसान की मौत
बदायूं। ब्लॉक जगत क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गांव निवासी हरिकृपाल सिंह को तीन-चार दिन पहले बुखार आ गया था। पहले उन्होंने गांव में झोलाछाप को दिखाया। ठीक नहीं होने पर परिजन उनको बरेली ले गए। वहां पर निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां पर इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्राम प्रशासक अवनीश कुमार ने बताया कि गांव में लोगों को बुखार आ रहा है। उनका इलाज चल रहा है। संवाद
बदायूं के ब्लॉक जगत के गांव मझिया की एक गली में फैली गंदगी। संवाद
बदायूं के ब्लॉक जगत के गांव मझिया की एक गली में फैली गंदगी। संवाद
बदायूं के ब्लॉक जगत के गांव मझिया की एक गली में फैली गंदगी। संवाद