उझानी में टप्पेबाज का शिकार ओमप्रकाश। संवाद
उझानी। कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में टप्पेबाज ने किसान से 20 हजार रुपये ठग लिए। उसने घटना से पहले खुद को रिश्तेदार बताकर पहले पारिवारिक बातें कीं, फिर किसान को झांसे में लेकर खिसक गया।
मंडी परिसर में शनिवार दोपहर ठगी का शिकार बने ओमप्रकाश कोतवाली क्षेत्र के गांव फुलासी के निवासी हैं। उन्होंने मनमोहन शर्मा की आढ़त पर पूर्वाह्न में धान बेचे थे। आढ़ती से मिले 20 हजार रुपये लेकर वह पास में बैठ गए। उसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और उनके भाई को पांच हजार रुपये देने की बात कहकर पारिवारिक बातें करने लग गया।
टप्पेबाज के झांसे में आकर ओमप्रकाश ने उसे 20 हजार रुपये थमा दिए। इसके बाद वह उन्हें पास में खड़ी अनाज लदी ट्रॉली में बैठाकर खिसक गया। काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा तो ओमप्रकाश ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। ओमप्रकाश समेत आढ़ती ने भी उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन वह पूरे परिसर में कहीं पर नजर नहीं आया। कार्रवाई के लिए पुलिस को भी अवगत कराया गया है। बता दें कि मंडी में टप्पेबाजी की पहले भी घटनाएं हो चुकी हैं।