बदायूं। डीएम अवनीश राय ने 11 जुलाई से प्रारंभ हो रही कांवड़ यात्रा के संबंध में मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री व दुर्घटना रहित मार्ग बनाने के लिए कहा। कहा कि कांवड़ियों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि एसडीएम व सीओ कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं कराएंगे। कावड़ियों का मार्ग सुगम होना चाहिए। यात्रा को देखते हुए जिले को छह जोन व 16 सेक्टर में बांटा गया है। 14 स्टेटिक प्वाइंट बनाए गए हैं। उन्होंने कावड़ मार्ग पर मांस की दुकान बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में हुई बैठक डीएम ने कहा कि यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई व उस पर बजने वाले गानों को चेक किया जाएगा। कांवड़ यात्रा की निगरानी ड्रोन से होगी। कांवड़ पर लगाए जाने वाले शिविरों की पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है। कावड़ मार्ग व शहर के अंदर बिजली के ढीले तारों को ठीक कराया जाए। विद्युत निगम कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले खंभे पर इंसुलेटेड प्लास्टिक लगाए, ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग कराएं।
कछला घाट पर एक व नगर पालिका परिषद बदायूं क्षेत्र में छह वॉच टावर बनाने को कहा है। कावड़ मार्ग पर जगह-जगह पार्किंग और संकेतक लगाए जाएंगे। कछला घाट पर फ्लोटिंग वार्निंग सिग्नल को लगाने के लिए भी कहा। मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने ग्रामीण क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, नगरीय क्षेत्र में संबंधित अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया है।
-
रास्ते में तैनात रहेगी एंबुलेंस
-स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चिकित्सकों व स्टाफ सहित एंबुलेंस की व्यवस्था करने व एंटी वेनम इंजेक्शन व एंटी रेबीज इंजेक्शन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को कांवड़ मार्ग के होटल, ढाबों व शिविरों में दिए जा रहे खाद्य सामग्री की चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
किया जाएगा रूट डायवर्ट
डीएम ने रूट डायवर्जन, कैटल कैचर, क्रेन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, फायर टेंडर, पार्किंग, कंट्रोल रूम, गोताखोरों, नाव, बैरिकेडिंग, प्रकाश, मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम की व्यवस्था के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिया है।