बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र से पढ़ाई कर रहे छात्रों की समस्याओं का समाधान किया गया। ऑनलाइन मीट में मुख्य अतिथि अलीगढ़ क्षेत्र के निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने सभी के सवालों का जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 सत्र के लिए प्रवेश शुरू होने वाले हैं। प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थी को स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराया जाएगा। इग्नू के विभिन्न चैनल और पोर्टल पर स्टडी मटेरियल उपलब्ध है। अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए स्नातक का पाठ्यक्रम निशुल्क है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी किसी भी इग्नू स्टडी सेंटर का चयन कर वहां परीक्षा दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इग्नू की ओर से कुल 333 पाठ्यक्रम संचालित हैं। इससे विद्यार्थी अपना करियर बना सकते हैं। अधिकांश पाठ्यक्रम रोजगार परक और कौशल विकास से युक्त हैं। डॉ. संजीव राठौर ने कहा कि असाइनमेंट का 30 प्रतिशत अंक पूर्ण परिणाम में जोड़ा जाता है।
असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि इग्नू ज्ञान अर्जन का सबसे उचित प्लेटफार्म है। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार बत्रा एवं संचालन इग्नू अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ. संजीव राठौर ने किया। डॉ. जायसवाल ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. रुचि गुप्ता, डॉ शरद अरोड़ा, संजीव शाक्य, राजीव पाली, देव सिंह, परविंदर आदि शामिल रहे।
अब विज्ञान, गणित भी होगा शामिल
राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार बत्रा ने बताया कि कॉलेज के इग्नू स्टडी सेंटर में शीघ्र ही प्राणी विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं गणित विषय से एमएससी की कक्षाएं संचालित होगी। साथ ही शिक्षा शास्त्र व अंग्रेजी आदि विषयों से एमए के लिए भी एडमिशन होगा।