फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: जिले के 15 केंद्रों पर दो पालियों में होगी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की प्रवेश परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा प्रदेश की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल है, इसलिए इसकी शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 8, 9 और 10 जून को भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में 15 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी, जिसमें कुल 33,984 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की है।
विज्ञापन

डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए। सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। परीक्षा केंद्रों पर समय से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराई जाए, जिससे अंतिम समय में भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
डीएम ने स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। इस अवसर पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चलेंगी 40 अतिरिक्त बसें
भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज की 40 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि परीक्षा अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सभी अभ्यर्थी समय से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें, इसके लिए पूरी तैयारी की गई है। एआरएम ने बताया अतिरिक्त बसों के अलावा अन्य सभी बसों का संचालन 24 घंटे रहेगा, जरूरत पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें