दोपहर को ही ठिठुरने लगे लोग, शाम को घरों में दुबके
घने कोहरे के साथ मंगलवार को सर्दी का आगाज हो गया। कोहरे के साथ ही पाला गिरने की वजह से ठिठुरन बढ़ने से लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। सर्दी बढ़ने के साथ ही लोगों का पहनावा भी बदल गया। हॉफ स्वेटर में नजर आने वाले लोग मंगलवार को जैकेट्स और मफलर में नजर आए। इससे दिन का तापमान काफी गिर गया।
सुबह कोहरा और पाला गिरने से काफी सर्दी हो गई थी। लोगों को उम्मीद थी कि सूर्यदेव के दर्शन होने के बाद से सर्दी का एहसास कम हो जाएगा, लेकिन मंगलवार को दिन भर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इससे दिनभर ठिठुरन भरी सर्दी का एहसास लोगों को होता रहा। दोपहर के वक्त भी लोगों को गलन का एहसास हुआ। सर्दी होने से जहां आम जनमानस परेशान होने लगा है। वहीं, नगर पालिका परिषद के कर्मचारी और सर्दी होने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे कि शहर में अलाव जलाए जाएं।
---
धीमी हो गई वाहनों की रफ्तार
बदायूं। सर्दी और कोहरा बढ़ने की वजह से रोडवेज बसों के साथ ही अन्य वाहनों की स्पीड भी धीमी हो गई। इससे रोडवेज की जो बसें दिल्ली से 12 घंटे में वापसी कर रही थीं, वे बसें अब करीब 15 घंटे ले रही हैं। इससे रोडवेज की बसों के संचालन में भी कमी आ गई है।