क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को दावेदारों के साथ समर्थकों की भीड़ से ब्लॉक परिसर के आसपास के इलाके में धमाचौकड़ी का माहौल रहा। 251 महिला-पुरुषों ने नामांकन कराया। इसी के साथ ब्लॉक क्षेत्र की 104 सीट के लिए अब तक 487 पर्चे भरे गए हैं।
नामाकंन प्रक्रिया सुबह में शुरू हई। रिटर्निंग ऑफीसर डॉ. एके जादौन की मौजूदगी में दावेदार महिला और पुरुषों ने पर्चे दाखिल किए। पूर्वाह्न में दावेदारों की संख्या सर्वाधिक रही। श्री जादौन ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के लिए शनिवार शाम तक 251 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन प्रक्रिया शाम छह बजे तक चली। इससे पहले बृहस्पतिवार को 236 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए थे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान अधिकतर प्रत्याशियों के समर्थकों ने बाजार से होकर निकलते वक्त शक्ति प्रदर्शन भी किया। गांवों में भी लोगों को शक्ति प्रदर्शन का नजारा देखने को मिला। रिटर्निंग ऑफीसर श्री जादौन ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच रविवार से शुरू होकर सोमवार तक चलेगी। इधर, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ब्लॉक परिसर और आसपास इलाके में पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात रही। गेट पर प्रत्याशियों समेत उनके प्रस्तावकों की तलाशी भी ली गई।