बदायूं। जिला अस्पताल में बनी पैथोलॉजी लैब का भवन दोबारा से तैयार किया जाएगा। इसके लिए शासन ने 88 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। बनाने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को सौंपी है। पुराने भवन को तोड़ जाने का काम शुरू हो चुका है। इसी जगह पर नई भवन तैयार कराया जाएगा। वर्तमान पैथोलॉजी लैब अन्य भवन में शिफ्ट कर दी गई है।
जिला अस्पताल में हर रोज 200 से 300 मरीज खून की जांच कराने पहुंचते हैं। पंजीकरण के लिए मात्र एक खिड़की है, जिसपर सुबह से ही मरीजों की भीड़ लगना शुरू हो जाती है, जो शाम तक लगी रहती है। इसके विस्तारीकरण के लिए सीएमएस द्वारा पत्राचार किया गया। इस पर शासन ने 88 लाख रुपये से पैथोलॉजी लैब के विस्तारीकरण को मंजूरी दे दी।
सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह का कहना है कि लैब में मशीनों से लेकर भवन का विस्तारीकरण किया जाना है। भवन निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को दी गई है। चुनाव संपन्न होने के बाद ही निर्माण कार्य गति पकड़ेगा। फिलहाल निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन का काम हो चुका है। अवर अभियंता अमन कुमार का कहना है कि फाइल आई थी। निर्माण कार्य का स्टीमेट तैयार कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा कराने का काम अब ठेकेदार का है। मानक अनुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा।