बदायूं। कोतवाली थाना क्षेत्र में नेहरू चौक के पास सात अगस्त की रात तीन दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। कारण, घटना के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। टीमों को अब उसकी लोकेशन राजस्थान में मिली है।
नेहरु चौक के पास स्थित बाजार में तीन दुकानों में चोरी होने के बाद एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने चोरी का खुलासा करने के लिए चार टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पीछा कर रही है। राजस्थान में उसकी लोकेशन अलग-अलग स्थानों पर मिल रही है, जिससे पुलिस को उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा है। पुलिस उसके एक जगह रुकने के इंतजार में है।
गौरतलब है कि सात अगस्त की रात नेहरू चौक के पास चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया था। दुकानों में छतों के रास्ते जाली और शटरों को काटकर नकदी और सामान समेत लाखों रुपये की चोरी की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया था, लेकिन दो महीने बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी।