बदायूं। मतदाता सूची को शुद्ध बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को जिले के सभी 2529 बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की बैठक हुई। बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत तैयार की गई एएसडी (अनुपस्थित, मृतक, डबल व स्थानांतरित) मतदाताओं की सूची बीएलए और बीएलओ को उपलब्ध कराई गई।
जिले के सभी बूथों पर हुई बैठक में अधिकारियों ने बताया कि एएसडी सूची में जिन मतदाताओं के नाम शामिल हैं। वे अपने क्षेत्र में जाकर भौतिक सत्यापन करें और यह देखें कि सूची में दर्ज व्यक्ति वास्तव में मृतक, स्थानांतरित या अनुपस्थित हैं अथवा नहीं। यदि कोई मतदाता जीवित है और उसी पते पर रह रहा है, लेकिन उसका नाम एएसडी सूची में आ गया है, तो उसके लिए दावा प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके लिए संबंधित व्यक्ति से निर्धारित प्रपत्र भरवाकर बीएलओ को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उसका नाम मतदाता सूची में दोबारा जोड़ा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए एक माह का समय दिया गया है। इस दौरान वे घर-घर संपर्क करेंगे और मतदाताओं से जानकारी जुटाएंगे। इसका उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और अपात्र नामों को सूची से हटाया जा सके।
छह जनवरी को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
निर्वाचन विभाग के अनुसार छह जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। जिसके बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। इस अवधि में मतदाता अपने नाम, पता, आयु व अन्य विवरणों में सुधार भी करा सकेंगे।
अनुपस्थित, मृतक, डबल व स्थानांतरित मतदाताओं की सूची बीएलए को उपलब्ध करा दी गई है। इस सूची में शामिल कोई भी व्यक्ति अपनी जगह पर रहता है, तो वह जरूरी अभिलेख बीएलओ को दे दें, ताकि उनका नाम जोड़ा जा सके। -मोहित कुमार, एसडीएम सदर