कादरचौक। लभारी गांव के रामजानकी मंदिर की जमीन को लेकर चल रहा विवाद सहमति के साथ समाप्त हो गया। पट्टाधारकों ने अपनी-अपनी दावेदारी हटाते हुए जमीन को मंदिर के उपयोग के लिए स्वीकार कर लिया। सहमति बनने पर महंत प्रयागदास ने सभी का आभार जताया।
बीते शनिवार को तहसील सदर की राजस्व टीम ने मंदिर की जमीन की पैमाइश की, जिसका महंत प्रयागदास ने विरोध किया। विरोध करने के बाद राजस्व टीम ने पैमाइश कर पट्टाधारकों की जमीन पर तारकशी करा दी थी। इससे नाराज महंत रविवार को भूसमाधि के लिए खोदे गए गड्ढे में बैठ गए। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शेखूपुर के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने महंत प्रयागदास से बातचीत कर उन्हें समझाया और भूसमाधि लेने से रोका। पूर्व विधायक ने दोनों पक्षों से वार्ता करके विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। इसके बाद पट्टाधारक मंदिर की जमीन को मंदिर के उपयोग के लिए देने पर सहमत हो गए। पट्टाधारकों के पीछे हटने से मंदिर की जमीन को लेकर चल रही खींचतान खत्म हो गई।