कुल के बाद गैर प्रदेशों के जायरीन होने लगे रुखसत
बड़े सरकार की दरगाह के सालाना उर्स का शुक्रवार भोर में कुल के साथ समापन हो गया। इससे पूर्व देर रात वक्फ विकास निगम के अध्यक्ष आबिद रजा के साथ डीएम सीपी त्रिपाठी, एसएसपी सुनील सक्सेना समेत प्रशासनिक अमले ने चादरपोशी की। दिन भर कव्वालियों का दौर चलता रहा। विशेष प्रसाद का वितरण भी किया गया।
बरेली-मथुरा राजमार्ग पर चल बड़े सरकार की दरगाह पर तीन रोजा उर्स में तमाम प्रदेशों के हजारों जायरीनों का हुजूम उमड़ा। गुरुवार की देर रात वक्फ विकास निगम के अध्यक्ष रजा के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने ीाी चादरपोशी की। चादरपोशी करने वालों में एडीएम प्रशासन, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, तहसीलदार, एसडीएम सदर और ईओ समेत तमाम प्रशासनिक अमले ने दरगाह पर हाजिरी लगाकर चादरपोशी और गुलपोशी की। रजा ने बड़े सरकार से अमन-चैन की दुआएं मांगी। सभी पीरों ने रजा के लिए विशेष दुआ की।
इससे पूर्व दिन पर दरगाह पर कव्वालियों का दौर चलता रहा। रात दो बजे कुल की तैयारी शुरू हुई। सुबह सात बजे कुल के समापन पर शक्कर पारे का विशेष प्रसाद और जल का वितरण किया गया। इसी के साथ तमाम क्षेत्रों से आए जायरीनों का अपने गंतव्य को जाना शुरू हो गया। इस मौके पर बड़े सरकार कमेटी अध्यक्ष मुहम्मद हसन पीरजी, सचिव अशरफ पीरजी, कोषाध्यक्ष जावेद पीरजी आदि सभी लोग मौजूद थे।