दरोगा का तबादला शाहजहांपुर हो चुका था। लेकिन वह रिलीव नहीं हुआ था। इस घटना के बाद वह 25 जून शाहजहांपुर के लिए रिलीव हो गया। इस दौरान किशोरी न्यायपीठ बाल कल्याण समिति में थी। मंगलवार शाम को उसे परिजनों को सुपुर्द किया गया। जहां उसने मां और पिता को दरोगा की हरकत को बताया। देर शाम होने के कारण परिजन घर रवाना हो गए। इस वजह से पुलिस अधिकारियों से शिकायत नहीं हो सकी है।
कोर्ट में किशोरी ने दरोगा के खिलाफ दर्ज कराए बयान
24 जून को कोर्ट में किशोरी के कलम बंद बयान दर्ज होने थे, लेकिन पुलिस ने इसी दिन उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। उसने मेडिकल परीक्षण करने वाली टीम को बताया कि दरोगा ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। जब दरोगा को यह जानकारी हुई तो उसने किशोरी को वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट करवा दिया। इसके बाद दरोगा व महिला सिपाही किशोरी को किसी से भी शिकायत न करने की बात समझाते रहे।
इसके चलते उसके चार दिन तक कोर्ट में बयान दर्ज नहीं कराए। पुलिस को लगा कि अब किशोरी दरोगा के खिलाफ बयान नहीं देगी तो उसे 28 जून को बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में लाया गया। कोर्ट में किशोरी ने अपने बयानों में दरोगा पर दुष्कर्म के आरोप लगाए। उसने परिजनों के साथ जाने की सहमति जताई थी।
मां बोली, बेटी को बेचा गया था
किशोरी की मां ने बताया कि उसकी बेटी को परिवार की ही बिहार निवासी महिला का दूसरे समुदाय के लोगों के साथ उठना बैठना है। उसी ने बेटी को बेच दिया था। इस वजह से उसकी बेटी को अगवा किया गया। आरोपी बेटी को बेचने के लिए तमिलनाडु ले गए थे। मां ने बताया कि महिला समेत दो आरोपियों की अभी भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।