उसावां सब स्टेशन पर आग से जली वायरिंग। संवाद
उसावां। कस्बे के 33 केवीए उपकेंद्र पर सुबह पांच बजे के करीब बंदर के उछल-कूद से ओसीबी को ऑपरेट करने वाली डीसी वायरिंग में आग लग गई। उससे टाउन फीडर सहित सभी छह फीडरों की सप्लाई ठप हो गई। इससे 10 हजार घरों में नौ घंटे तक बिजली संकट रहा।
शुक्रवार को सुबह पांच बजे के करीब 33 केवीए उपकेंद्र में कई बंदर आ गए। बंदरों के उछल कूद करने पर फीडरों को ऑपरेट करने वाली डीसी वायरिंग में आग लग गई। इससे टाउन फीडर, गूरा, माधुरी नगला, अकबरपुर, जलालाबाद, अलापुर सहित सभी छह फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिला मुख्यालय से आए टेक्नीशियन और जेई बालकिशन प्रजापति ने फीडरों में आई तकनीकी खराबी व जली डीसी वायर को बदला। उसके बाद उसावां टाउन, ग्रामीण क्षेत्रों में जलालाबाद व अकबरपुर फीडरों की रिले खराब हो गई। उसकी रिपेयरिंग से नौ घंटे बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो पाई। लंबे समय तक बिजली ठप रहने से उपभोक्ता पानी को भी तरस गए। इन्वर्टर भी जवाब दे गए। बिजली आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। इससे पूर्व चार अप्रैल को भी बंदरों के कारण 33 केवीए लाइन के जंपर टूट गए थे। डीसी वायरिंग भी जल गई थी। वैसी ही स्थिति अब फिर हो गई।