बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र में हुए जंगलकांड की विवेचना अब इस्लामनगर थाने भेज दी गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी इस्लामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह को सौंपी गई है। विवेचना ट्रांसफर करने के बाद आगे की कार्रवाई उनके स्तर से की जाएगी।
सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं। आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों की विवेचना निरीक्षक स्तर के अधिकारी की ओर से किए जाने का प्रावधान है। इसी वजह से मामले की विवेचना उघैती थाने से ट्रांसफर कर इस्लामनगर थाना प्रभारी को दी गई है। 17 सितंबर को उघैती क्षेत्र के जंगल में हुई घटना का वीडियो आठ दिन बाद सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच शुरू की थी। मामले में अब तक चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि वीडियो से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। विवेचना स्थानांतरित होने के बाद अब पुलिस साक्ष्यों, वीडियो और आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच को आगे बढ़ाएगी।