बेटे का कार चालक पर इलाज ने कराकर शव फेंकने का आरोप
शुक्रवार शाम को हजरतगंज-संजरपुर संपर्क मार्ग पर मिले अज्ञात शव की शनिवार सुबह शिनाख्त हो गई। मृतक बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव अकौली निवासी रामलाल निकला। रामलाल के बेटे बृजपाल का आरोप है कि उसका पिता हादसे का शिकार जरूर हुआ लेकिन कार चालक ने इलाज कराने के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय उनको रास्ते में फेंक दिया।
अज्ञात वृद्ध का शव पुलिस ने बरामद किया था। मृतक के पास से मिली पॉकेट डायरी में सेलफोन का जो नंबर लिखा मिला, उसके आधार पर तड़के अकौली से बृजपाल को बुलाया गया। बृजपाल ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचते ही शव की पिता रामलाल के रूप में शिनाख्त कर ली। बकौल बृजपाल- उसकी एक बहन बिल्सी क्षेत्र में ब्याही है। रामलाल उसी के पास जाने की कहकर शुक्रवार सुबह घर से गया था। शाम को वह घर नहीं लौटा तो परिवार वाले खोजबीन करने बिल्सी पहुंचे। बस स्टैंड पर उसने दुकानदारों को रामलाल का फोटो भी दिखाया। बृजपाल के मुताबिक, दो दुकानदारों ने उसे बताया कि इस शक्ल के व्यक्ति को आल्टो कार ने रौंद दिया था। घायल को एक कार चालक अपने साथ यह कहकर ले गया कि बदायूं में इलाज कराएगा। इसके बाद बृजपाल समेत घरवाले देर शाम पहले जिला अस्पताल फिर कई निजी क्लीनिकों पर भी पहुंचे लेकिन कहीं पर रामलाल का सुराग नहीं लगा। बृजपाल ने दरोगा प्रयाग राज को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। दरोगा प्रयोग राज का कहना है कि मृतक के घरवालों ने उन्हें बताया है कि घायल रामलाल की रास्ते में मौत होने पर ही चालक उसे विपरीत दिशा में लाकर हजरतगंज-संजरपुर के संपर्क मार्ग पर फेंक गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव को उसके घरवालों के हवाले कर दिया है। इस संबंध में पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है।