जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शंभू नाथ ने कहा है कि मतदाता की सही पहचान को राज्य निर्वाचन आयोग ने 17 पहचान पत्र निर्धारित किए हैं, इनमें से कोई भी एक पहचान पत्र दिखाए बिना वोट नहीं डालने दिया जाएगा। इसलिए मतदाता अपने साथ कोई एक पहचान पत्र अवश्य साथ लाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता फोटो पहचान पत्रों में की सूची जारी कर दी गई है।
वोटिंग को मान्य पहचान पत्र
आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, राज्य एवं केन्द्र सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, स्थानीय निकाय और पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, पोस्ट आफिस द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, फोटोयुक्त सम्पत्ति सम्बंधी मूल अभिलेख, आद्यतन फोटोयुक्त किसान बही, फोटोयुक्त पेंशन अभिलेख, फोटोयुक्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचान पत्र, फोटोयुक्त शस्त्र लाइसेंस, फोटोयुक्त विकलांग प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र एवं राशनकार्ड में से कोई भी एक।
मुखिया के दस्तावेज से परिवार के अन्य सदस्य भी डाल सकेंगे वोट
इनमें से किसी एक दस्तावेज परिवार के मुखिया के पास होने पर परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान के लिए भी यह वैध माने जाएंगे। परिवार के सभी सदस्य एक साथ मतदान के लिए आएं और उनकी पहचान मुख्यिा द्वारा किए जाने पर पूरा परिवार एक पहचान पत्र से मतदान कर सकेगा।
प्रधान पर हरा, सदस्य मतपेटी पर सफेद स्टीकर बनेगा पहचान
बदायूं। पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत प्रधान तथा सदस्य ग्राम पंचायत के मतदान में प्रत्येक मतदान स्थल पर दो मतपेटिकाएं प्रयुक्त की जाएंगी। एक मतपेटी में प्रधान तथा दूसरी में सदस्य ग्राम पंचायत के वोट डाले जाएंगे। प्रधान ग्राम पंचायत की मतपेटिका पर हरे और सदस्य ग्राम पंचायत की मतपेटिका पर सफेद स्टीकर लगाकर पहचान दी जाएगी। इस व्यवस्था से निरक्षर मतदाताओं को मतपेटिका पहचान में असुविधा नहीं होगी और प्रधान और सदस्य पद के वोट भी निश्चित मतपेटी में पड़ सकेंगे।
मतदान दिवस को मतदान क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
बदायूं। पंचायत सामान्य निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए जिला मजिस्ट्रेट शंभू नाथ ने प्रथम चरण 28 नवंबर को ब्लाक सहसवान, इस्लामनगर, दहगवां में, द्वितीय चरण में एक दिसंबर को उझानी, कादरचौक, जगत, सालारपुर तृतीय चरण में पांच दिसंबर को, म्याऊं, उसावां, समरेर दातागंज के अलावा अंतिम चरण नौ दिसंबर को होने वाले मतदान के कारण बिसौली, वजीरगंज आसफपुर, अंबियापुर में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।