बदायूं। अहिल्याबाई होल्कर महोत्सव समिति के तत्वावधान में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रश्नोत्तरी परीक्षा, निबंध, भाषण प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर को कराया जाएगा। प्रतियोगिता जिले के 16 महाविद्यालय और 36 इंटर कॉलेज में होगी। इसमें सिर्फ छात्राएं ही भाग लेंगी।
महिला समन्वय विभाग की संयोजिका सीमा रानी ने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर के विचारों और उनकी जीवन शैली को आज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि कक्षा छह से 10 तक की 3500 छात्राओं ने प्रश्नोत्तरी परीक्षा, कक्षा 11 से 12 तक की 200 छात्राओं ने लोकमाता अहिल्याबाई निबंध प्रतियोगिता और महाविद्यालय की 320 छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अपना पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता को पारदर्शिता से संपन्न करने के लिए विभागीय टीम, जिला टीम, पर्यवेक्षक व अलग-अलग कॉलेज प्रभारी बनाए गए हैं।