उझानी। कल्याण सिंह चौक के पास सड़क पर स्टार्ट खड़ी कार में सीट पर सो गए चालक को मृत समझ राहगीर सकते में पड़ गए। खिड़की और बोनट खटखटाने पर उसके शरीर में कोई हरकत नजर नहीं आई तो पुलिस को बुला लिया गया। खिड़की का शीशा तोड़कर देखा तो वह जिंदा निकला।
मामला शुक्रवार सुबह करीब सात बजे का है। जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी प्रकाश गौतम (28) मथुरा के रास्ते तड़के बदायूं पहुंचे। नींद आने पर उझानी बाइपास पर कल्याण चौक के पास सड़क किनारे गाड़ी स्टार्ट खड़ी करके सो गए। काफी देर बाद आसपास के लोगों ने कार के अंदर झांका तो चालक के शरीर में कोई हरकत नजर नहीं आई। लोगों ने फोन करके पुलिस बुला ली।
चश्मदीदों में सुरेश पाल ने बताया कि राहगीरों समेत पुलिस कर्मियों ने कार की खिड़कियों से लेकर बोनट तक तेजी से खटखटाया। इसके बाद भी सबकुछ पहले जैसा नजर आने पर खिड़की का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। नींद से जागे चालक को देख पुलिस कर्मियों ने भी राहत महसूस की। चालक प्रकाश ने सफर में थकान और नींद की हकीकत बयां की। एसएसआई मनोज कुमार ने बताया कि चालक को नींद आ गई थी। उसका मेडिकल भी कराया गया है, वह नशे की हालत में भी नहीं था।