स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करते एसडीएम के साथ विधायक। स्रोत चिकित्सा विभाग
दातागंज। एसडीएम व सीओ को साथ लेकर क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के म्याऊं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रात 10 से 11 बजे के बीच औचक निरीक्षण किया। जहां दातागंज में तो सब कुछ ठीक-ठाक मिला तो वहीं म्याऊं में डॉक्टर कमरा बंद करके सोते हुए मिले। यहां विधायक और एसडीएम को अन्य अव्यवस्थाएं भी ठीक नहीं मिलीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। इससे विधायक सीएमओ को भी अवगत कराएंगे।
बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे विधायक राजीव कुमार सिंह, एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह, सीओ केके तिवारी व अन्य राजस्व अधिकारियों के साथ म्याऊं के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। एसडीएम ने बताया कि वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजकुमार बंद कमरे में सोते हुए मिले। प्रसव केंद्र भी बंद था। अन्य कमियां भी मिलीं।
इसके बाद उन्होंने दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां भी यही अधिकारी उनके साथ रहे। दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सब कुछ ठीक-ठाक मिला। म्याऊं में स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताते हुए विधायक ने पूरी रिपोर्ट सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा को देने का फैसला लिया है और सुधार की अपेक्षा की है।