बदायूं। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। एडवाइजरी में ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाव व कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढकने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा हृदय रोग, मधुमेह, अस्थमा जैसी दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रशासन ने अपील की है कि अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेषकर सुबह तड़के और देर रात बाहर जाने से बचें, क्योंकि इस समय ठंड का प्रभाव सर्वाधिक होता है और हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है।
अलाव व हीटर का प्रयोग सावधानी से
अलाव और हीटर के उपयोग में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बंद कमरे में कोयला या लकड़ी जलाने से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस को जानलेवा बताते हुए सोते समय अलाव बुझाने तथा हीटर चलाते समय कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने की हिदायत दी है। गरम, पौष्टिक और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई है।
कोहरे में वाहन चालकों के लिए सख्त निर्देश
कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में वाहन की गति धीमी रखने, ओवरटेक न करने, फॉग लाइट अथवा लो-बीम हेडलाइट के प्रयोग, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और अचानक ब्रेक से बचने की सलाह दी गई है।