प्रधान, रोजगार सेवक, सचिव, टीए को भेजा नोटिस
बदायूं। विकास खंड दहगवां की ग्राम पंचायत लौहरपुरा में मनरेगा के हुए घोटाले की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद विभाग की ओर से प्रधान, रोजगार सेवक, सचिव, टीए के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया गया है। अब विभाग की ओर से फर्जीवाड़े में मृतकों के खातों में भेजे गए रुपयों की रिकवरी की जाएगी।
ग्राम पंचायत लौहरपुरा में गांव के ही एक व्यक्ति की शिकायत पर तत्कालीन सीडीओ के आदेश पर जांच की गई थी। जांच टीम ने जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेज दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 90 हजार फर्जी तरीके से मृतक श्रमिकों के खातों में भेज दिए। हालांकि जांच टीम की ओर से यह जांच नहीं की गई कि मृतकों खाते में जाने के बाद यह रुपये किसने निकाले।
एक मृतक रोजगार सेवक का पिता बताया जा रहा है। वहीं दूसरी महिला जिसके खाते में सबसे ज्यादा 31282 रुपये भेजे गए हैं, वह ग्राम प्रधान के भतीजे की पत्नी है। उसकी 2018 में मौत होने के बाद लगातार उसे श्रमिक बनाकर पैसे भेजे जाते रहे। लोगों का कहना है कि अगर जांच टीम सही से जांच करती तो इसमें दोषी सामने आ जाते। विकास खंड स्तर पर प्रधान और अधिकारियों की आपसी सांठगांठ से अधिकारी भी इस फर्जीवाड़े खोलने से बच रहे थे। इस संबंध में डीसी मनरेगा अखिलेश चौबे ने बताया कि प्रधान, रोजगार सेवक और टीए को नोटिस भेजा गया। इसके बाद फर्जी तरीके से भेजे गए रुपयों की रिकवरी कराई जाएगी। साथ ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद