बिसौली। बरेली एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को रिश्वतखोर लेखपाल को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उसे पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए फैजगंज सेब जखौरा जाने वाले रोड पर नवनिर्मित गोशाला के पास से मंगलवार को रंगे हाथों बरेली की टीम ने पकड़ा था।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी निवासी लेखपाल सतीश चंद्र शर्मा बिसौली तहसील में तैनात थे। उनके पास फैजगंज थाना क्षेत्र के गांव जखौरा ग्राम सभा का प्रभार था। यहां के रहने वाले ओमप्रकाश ने बरेली जाकर एंटी करप्शन की टीम से शिकायत की थी। बताया था कि 2005 में उसके नाम पर एक प्लॉट का पट्टा हुआ था। गांव के ही कुछ लोगों ने उस पर कब्जा कर लिया था। उस पर कब्जा दिलाने के नाम पर लेखपाल पांच हजार रुपये मांग रहा था।
उन्होंने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से बरेली जाकर की थी। शिकायत के आधार पर टीम फैजगंज बेहटा से जखौरा जाने वाले मार्ग पर नवनिर्मित गोशाला के पास मंगलवार को पहुंच गई। रुपये देने के लिए लेखपाल ने ओमप्रकाश को यहीं बुलाया था। उसने पांच हजार रुपये दिए तो टीम ने रंगे हाथों लेखपाल को पकड़ लिया। ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उसे बुधवार को जेल भेज दिया है।