बदायूं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने एक ठेकेदार के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की है। आरोप है कि श्रावस्ती जिले के ठेकेदार ने ढाई लाख रुपये लेकर पानी की टंकी का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया। इसके बाद अब वह धमका कर रुपये मांग रहा है।
इस्लामनगर कस्बे के रहने वाले प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल सिंह ने एसएसपी व मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से लखनऊ के खादरा थानाक्षेत्र के शिवनगर निवासी हैं। उनकी संस्था ने श्रावस्ती जिले में पानी की टंकी के निर्माण का ठेका मूसाझाग थानाक्षेत्र के गांव धीमरी निवासी एक ठेकेदार को दिया था।
इसके एवज में ठेकेदार ने संस्था से ढाई लाख रुपये लिए, ठेकेदार ने वहां काम अधूरा छोड़ दिया। ठेकेदार से कार्य पूरा करने के लिए कहा तो जहां उसने काम पूरा नहीं किया वहीं रुपये लौटाने से मना कर दिया। 12 जुलाई को ठेकेदार ने उन्हें कॉल की। दो लाख रुपये की डिमांड की गई। नहीं देने पर हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी गई।
इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इससे वह अपने कुछ साथियों को लेकर उनके आवास पर पहुंचा। जहां देख लेने की धमकी दी। प्रोजेक्ट मैनेजर ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।