जगत ब्लाक के गांव रसूलपुर में बुधवार को 10 साल के बालक की बुखार से मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया। आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची। गांव में दो दर्जन से ज्यादा लोग बुखार की जद में हैं।
रसूलपुर निवासी मनोज के 10 वर्षीय पुत्र अर्जुन को कई दिन से बुखार आ रहा था। गांव में ही एक डॉक्टर से उसका इलाज कराया जा रहा था। गुरुवार सुबह अर्जुन ने दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बदायूं-ककराला रोड पर जाम लगा दिया। खबर मिलने पर सिविल लाइंस एसओ अजय यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। डीपीआरओ राजेश यादव, एडीएमओ डॉ. नरेद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान करीब दो घंटे तक रोड जाम रहा। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची।
-----
दो दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती कराए
बदायूं। रसूलपुर के दो दर्जन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यह लोग मिले। 10 लोगों की स्लाइड बनाकर जांच को भेजा गया है।
-----
जगत ब्लाक बना स्वास्थ्य विभाग की मुसीबत
बदायूं। जगत ब्लाक स्वास्थ्य विभाग की मुसीबत बन गया है। कहने को तो यहां 30 बेड का सीएचसी है, लेकिन स्टाफ की मनमानी के चलते लोगों को इलाज नहीं मिल पाता। जगत सीएचसी स्टाफ अगर अगस्त के पहले सप्ताह में ही बुखार के मामलों को गंभीरता से लेता तो 32 लोगों की बुखार से जान नहीं जाती। सीएमओ ने पूरे ब्लाक क्षेत्र में 19 टीमों को लगाया है। टीमें गांव-गांव जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, इसके बावजूद स्थिति पर काबू नहीं हो रहा।
-----
स्वास्थ्य विभाग की टीमें काम कर रही हैं। गांव वालों को भी यह समझना चाहिए कि बुखार आने पर सरकारी अस्पताल में या प्रशिक्षित डॉक्टर से इलाज कराएं।-डॉ. नरेंद्र कुमार, एडीएमओ