जिला अस्पताल में भर्ती गौटिया निवासी धनदेवी। संवाद
वजीरगंज। पुरानी रंजिश में चार लोगों ने पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। बचाने आई महिला को भी लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। आसपास के लोगों ने आरोपियों को ललकारा तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। खून से लतपथ तीनों को परिवार के लोग थाने पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पिता-पुत्र को उपचार के बाद घर भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उरैना गौटिया निवासी कल्लू मौर्य ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि शुक्रवार की शाम को गांव से कांवड़ियों का जत्था जल भरने के लिए जा रहा था। इसे देखने को उसका बेटा राजेश दरवाजे पर खड़ा था। कांवड़ियों का जत्था गांव से निकल गया। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले सुखपाल, धर्मपाल ,दुर्गेश व तुलाराम ने बेटे को देखकर गाली देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों लोग लाठी डंडे लेकर मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुनकर वह बेटे को बचाने पहुंचा तो उस पर भी लाठियां बरसा दीं। पत्नी धनदेवी दौड़कर आई तो उसको भी जमीन पर गिरा लिया और लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर में लाठी लगने से वह बेहोश हो गई। यह देख आसपास के लोग दौड़ पड़े और आरोपियों को ललकारा, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। गंभीर हालत में उनको थाने लाया गया। जहां से उन्हें उपचार के लिए सीएचसी वजीरगंज भेज दिया गया। धनदेवी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कल्लू व राजेश को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की पुलिस जांच कर रही है। मेडिकल परीक्षण के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।