कुंवरगांव। गांव कासिमपुर में बरात आने से कुछ घंटे पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ चली गई। दुल्हन की इस हरकत से शादी की तैयारियां धरी रह गईं। परिजनों ने दूल्हे के परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद बरात नहीं आई। मां ने आरोपी युवक के विरुद्ध तहरीर दी है।
बुधवार की शाम बरेली जिले के आंवला से बरात आनी थी। घर में विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच युवती पड़ोसी युवक के साथ अचानक लापता हो गई। परिजनों को जब युवती के भाग जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल दूल्हा पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी देते हुए बरात न लाने को कहा।
घटना के बाद खुशी का माहौल गम में बदल गया। बृहस्पतिवार को युवती की मां ने थाना कुंवरगांव पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। इधर, सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शादी से तीन दिन पहले युवती लापता, प्रेमी संग जाने का आरोप
बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में विवाह से तीन दिन पहले युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने गांव के ही युवक पर युवती को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों के अनुसार, युवती का विवाह 12 जुलाई को तय है। क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। संवाद