ककराला। पिता से झगड़ा कर शराब के नशे में घर से निकले युवक का शव ईदगाह मार्ग पर पेड़ से लटका मिला। राहगीरों ने सुबह शव देखा तो पुलिस व परिजन को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है।
अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला निवासी राजबाबू (34) पुत्र रामबाबू वाल्मीकि शराब पीकर परिवार के लोगों से आए दिन झगड़ा करता रहता था। झगड़े के कारण ही पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे युवक ने शराब के नशे में पिता के साथ अभद्रता की और नाराज होकर घर से चला गया। बताया जा रहा है कि राजबाबू ने ईदगाह रोड पर जाकर पेड़ के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता रामबाबू नगर पालिका में ठेके पर सफाई कर्मी हैं।
बेटे का शव देख बेसुध हुए पिता
पिता रामबाबू को जब बेटे की लाश मिलने की सूचना मिली तब वह पालिका के पास स्थित सामुदायिक शौचालय में ड्यूटी पर थे। तत्काल वह मौके पर पहुंचे। बेटे के शव को देख पिता और परिवार दहाड़े मारकर रोने लगा। रामबाबू दो बार बेसुध होकर जमीन पर गिर गए। परिवार व मोहल्ले के लोगों ने उनको ढांढस बंधाया।
आठ दिन पहले मौसेरे भाई की करंट लगने से हो गई थी मौत
राजबाबू के मौसेरे भाई अजीत की आठ दिन पहले नगर में फ्रीजर पर पानी पीते समय करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। खानदान के लोग पहले से ही अजीत की मौत से दुखी थी अब राजबाबू की मौत से सदमे में आ गए।