अलापुर। चार दिन से लापता मजदूर का शव कस्बे में बनी एक झोंपड़ी में शुक्रवार की सुबह पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराने के बाद शव जिला मुख्यालय पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। देर शाम को परिवार के लोगों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव म्याऊं निवासी राजेश (40 साल) पुत्र छोटे सिंह चार दिन पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों ने ध्यान नहीं दिया, क्योंकि अक्सर वह शराब पीकर कई-कई दिन तक घर नहीं लौटता था। होली पर भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश किया, लेकिन सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार को पुलिस ने परिवार के लोगों को सूचना दी कि राजेश का शव सड़क किनारे एक झोंपड़ी में पड़ा है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पहचान कराने के बाद पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक के भतीजे नन्हे ने बताया कि राजेश शराब पीने के आदी थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। मेहनत करने के बाद जो भी रुपये मिलते थे उनकी शराब ही पीते थे। घर आए तो ठीक, नहीं तो कई-कई दिन तक वह घर तक नहीं लौटते थे। चार दिन पहले वह मजदूरी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे।
बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कस्बा अलापुर में स्थित पेट्रोल पंप और अलापुर इंडेन गैस एजेंसी के बीच बनी झोंपड़ियों के पास लोग गैस लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पास में बनी एक झोंपड़ी में उनका शव तख्त पर पड़ा हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस व परिवार के लोग पहुंच गए थे। देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।