दातागंज। विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।
दातागंज थाना क्षेत्र के गांव रायपुर धीरपुर निवासी कालीचरन ने अपनी बेटी काजल का विवाह छह माह पूर्व सुभाष पुत्र विजेंद्र निवासी नाथपुर अंगदराय के साथ किया था। रविवार की रात काजल का शव उसकी ससुराल के आवास के पीछे बाग में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिवार के लोगों ने घर में काजल को नहीं देखा तो उसे ढूंढते हुए पीछे बाग में गए, जहां उसका शव पेड़ पर झूलता मिला। पोस्टमाॅर्टम पर पहुंचे मृतका के पिता कालीचरन ने आरोप लगाया कि जब वह मौके पर पहुंचे थे तो उनकी बेटी का शव पेड़ पर लटका था। पैर मुड़े हुए थे और घुटने जमीन तक पहुंच गए थे। इसलिए यह आत्महत्या तो हो नहीं सकती। उनकी बेटी को मारकर पेड़ पर लटकाया गया है।
इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने कहा है कि आरोपों पर तबतक कोई कार्रवाई नहीं हो सकती, जबतक पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट नहीं आ जाती। कहा मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।