कई नेता पूर्व विधायक से मिलने पहुंचे आवास पर
दातागंज विधानसभा सीट से अपनी पत्नी राकेश कुमारी का नाम टिकट के दावेदारों के पैनल में हाईकमान को न भेजे जाने से जिला और क्षेत्रीय संगठन से नाराज पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह उर्फ पप्पू भइया को मनाने के लिए कई भाजपा नेता मंगलवार को उनके आवास पर पहुंचे। पप्पू भइया ने साफ कह दिया कि उनकी नाराजगी जिला और क्षेत्रीय संगठन से है और रहेगी लेकिन वह भाजपा में थे और रहेंगे। हमेशा सच्चे कार्यकर्ता की रूप में काम करते रहेंगे
दातागंज विधानसभा से चार बार विधायक रह चुके अवनीश कुमार सिंह ने इस बार अपनी पत्नी राकेश कुमारी के लिए दातागंज विधानसभा से भाजपा का टिकट मांगा था। जिला और क्षेत्रीय संगठन के पदाधिकारियों की रजामंदी के बाद उनकी पत्नी ने टिकट के लिए आवेदन भी किया। उनके आवेदन को जिला और क्षेत्रीय संगठन ने भाजपा मुख्यालय नहीं भेजा। इससे नाराज पप्पू भइया ने सोमवार को अपनी नाराजगी खुलकर जताई थी। उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान किसी का भी प्रचार करने से इंकार कर दिया। पप्पू भइया की नाराजगी को देखते हुए मंगलवार को कई भाजपा नेता उनको मनाने पहुंचे लेकिन उन्होंने किसी को कोई आश्वासन नहीं दिया है।