समाजवादी पेंशन योजना के तहत खाते में पहुंची रकम बंदरबांट कर लेने का मामला सामने आया है। इसे चौसिंगा की महिलाओं ने उजागर किया। उनकी मानें तो रोजगार सेवक ने खाता से रकम निकलवाने के लिए फार्म पर अंगूठा निशानी लगवा ली। आधी से ज्यादा रकम रोजगार सेवक ने खुद रख ली, बाकी उन्हें थमा दी।
मामला ब्लॉक क्षेत्र के गांव चौसिंगा है। गांव की सितारो देवी पत्नी करन सिंह, मोहर सिंह की पत्नी रेखा और मिथलेश पत्नी सोमवीर ने बीडीओ को भेजे शिकायती पत्र में रोजगार सेवक की करतूत उजागर की है। इनके क्रमश: सर्वयूपी ग्रामीण बैंक, एसबीआई और पंजाब नेशनल बैंक में खाते हैं। महिलाओं के अनुसार, उन्हें समाजवादी पेंशन की पात्रता सूची में शामिल किया था। बैंक में खाते भी खोले गए। तीन महिलाओं की पेंशन की धनराशि उनके खातों में क्रेडिट हुई।
चूंकि पासबुक रोजगार सेवक ने अपने पास रख ली थीं, सो रुपये निकालने के लिए उन्हें रोजगार सेवक से संपर्क साधना पड़ा। आरोप है कि रोजगार सेवक के साथ महिलाएं कछला पहुंचीं, तो उन्हें चौराहे पर बैठा दिया गया। रोजगार सेवक अपने साथ बैंक से फार्म लेकर पहुंचा और अंगूठी निशानी लगवा कर ले गया। बाद में उसने सितारो, रेखा और मिथलेश को बैंक से निकाली गई पूरी रकम सौंपने की बजाय आधी से कम थमा दी। महिलाओं को रोजगार सेवक की धोखाधड़ी का अहसास उस वक्त हुआ जब वह फिर से बैंक पहुंचीं।
बीडीओ उझानी राजकुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। रोजगार सेवक ऐसा नहीं कर सकता फिर भी वह सच्चाई का पता लगाने की कोशिश करेंगे। रोजगार सेवक दोषी निकला तो कार्रवाई भी करेंगे।