सहसवान। कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद डीएम कुमार प्रशांत के आदेश पर एक महीने पहले नगर के बैंक व जन सुविधा केंद्रों को बंद कर दिया गया था। यह सेवाएं एक महीने बाद 14 मई को खोल दी गईं। दो दिन तक ज्यादातर खाताधारकों को बैंक खुलने की जानकारी नहीं हुई। शनिवार को सूचना मिलने पर सप्ताह का अंतिम दिन होने के बावजूद बैंकों के बाहर रुपये निकालने वालों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ पड़ी।
नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिला। कड़क धूप के बावजूद लोग घंटों लाइन में लगे रहे। हालांकि, दोपहर के वक्त बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक के बाहर टेंट लगवा दिया। सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए ग्राहकों के लिए बैंक के बाहर कुर्सियों की व्यवस्था की गई। नगर समेत अन्य स्थानों पर भी बैंकों में अच्छी संख्या में लोग पैसा निकालने पहुंचे। हालांकि कई जगहों पर सामाजिक दूरी
दरकिनार होती दिखी। सोमवार को भी बैंकों में रुपये निकालने अच्छी खासी संख्या में लोग जुटेंगे। हालांकि इसे लेकर बैंक अब सतर्क दिख रहे हैं। उन्होंने अतिरिक्त व्यवस्था करने की बात कही है।
वर्जन-
अधिकारियों को निर्देश दिए हैं बैंकों में सामाजिक दूरी का पालन किया जाए। साथ ही जरूरत के हिसाब से स्थानीय पुलिस-प्रशासन से सहयोग लें, ताकि लोग आपस में सामाजिक दूरी के हिसाब से लाइन में खड़े हो।
-श्याम पासवान, एलडीएम