कुंवरगांव। गांव खासपुर में शुक्रवार की रात उर्स में हुए कव्वाली कार्यक्रम में पैसे लुटाने को लेकर हुए विवाद के बाद गांव में अभी भी तनाव बरकरार है। पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया। रविवार को भी पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देती रही। वहीं एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है।
उर्स कार्यक्रम के दौरान पक्षों में हुई कहासुनी मारपीट और कुर्सियों की बारिश के बाद हालात बिगड़ गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में नहीं ले सकता। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। गांव में अभी भी माहौल पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।