मूसाझाग (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम हसनपुर में सोमवार को बड़ा बवाल होने से बच गया। एक समुदाय के लोगों ने कांवड़ियों को जलाभिषेक करने से रोक दिया। उनका रास्ता रोक लिया और मंदिर की ओर जाने नहीं दिया। इससे कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने जैसे-तैसे दोनों समुदाय के लोगों को समझाया और कांवड़ियों को दूसरे रास्ते से निकालकर मामला शांत कराया।
मामला सोमवार सुबह का है। ग्राम हसनपुर के दर्जनों कांवड़िया रविवार रात कछला से जल लेकर अपने गांव पहुंचे थे। उनका जत्था गांव की धर्मशाला पर रुका था। इसकी सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी। देर रात तक गांव में शांति व्यवस्था बनी रही थी, पर बताया जाता है कि दूसरे समुदाय के लोगों ने रास्ता रोकने की तैयारी कर ली थी। दर असल कांवड़ियों के जत्थे को कब्रिस्तान से होकर गुजरना था। तभी वह मंदिर पहुंच सकते थे। सोमवार सुबह कांवड़ियों का जत्था जैसे ही कब्रिस्तान के नजदीक पहुंचा कि तभी दूसरे समुदाय के लोग महिलाओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कांवड़ियों को उधर से निकलने नहीं दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर एसडीएम दातागंज, सीओ उझानी विनय कुमार द्विवेदी और मूसाझाग एसओ ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जैसे-तैसे कांवड़ियों को शांत कराया। उन्हें दूसरे रास्ते से मंदिर तक पहुंचाया, तो वहीं दूसरे समुदाय की ईद की नमाज अदा कराई। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।