दातागंज। बदायूं-दातागंज रोड पर गनगोला गांव के नजदीक शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार डीसीएम ने टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। अलापुर कस्बे से सात मजदूर एक टेंपो से समरेर ब्लॉक क्षेत्र के गांव महताबपुर जा रहे थे। यह सभी मजूदर महताबपुर में सड़क पर मिट्टी डालने का काम कर रहे हैं।
बताते हैं कि टेंपो दातागंज-बदायूं रोड पर गनगोला गांव के नजदीक पहुंचा ही था कि तभी सामने से तेज रफ्तार आई डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार मजदूर कृष्ण, ओमपाल और रविंद्र घायल हो गए। उन्होंने रोकने की कोशिश की लेकिन चालक डीसीएम को दौड़ा ले गया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। इधर पकड़े जाने के डर से चालक डीसीएम को पापड़ गांव के पास छोड़कर भाग गया। बाद में कोतवाली पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया। टेंपो चालक ने डीसीएम नंबर के आधार पर पुलिस को तहरीर दी है।