दातागंज। बरेली दातागंज रोड पर गांव ढिलवारी के पास टेंपो-डनलप से टकरा गया। हादसे में दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव हरेली निवासी मुनब्बर अली (65) की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही टेंपो में सवार चार पांच लोग गंभीर रूप से घायल गए। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भिजवा दिया, वहीं घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
मृतक के भाई हनीफ ने बताया कि भाई मुनब्बर शनिवार को घर से शाहजहांपुर के गांव खेड़ा बझेड़ा रिश्तेदारी मेंं शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दातागंज से वह टेंपो में सवार होकर निकले थे। बताया जा रहा है कि टेंपो में पांच लोग बैठे थे।
बरेली दातागंज रोड पर गांव ढिलवारी के पास टेंपो आगे चल रहे डनलप में घुस गया। हादसे के बाद टेंपो में बैठीं सवारियों में चीख पुकार मच गई। मुनब्बर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोगों को चोंटें आ गईं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सीएचसी दातागंज में भर्ती कराया। वहीं शव जिला मुख्यालय भेजा गया है।
डंपर की टक्कर से घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
- 30 अक्तूबर को पैदल जाते समय हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डंपर की टक्कर से 30 अक्तूबर को घायल हुए अंबियापुर निवासी संतोष शाक्य (59) पुत्र श्यामलाल की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें पैदल जाते समय डंपर ने टक्कर मार दी थी। परिवार के लोग उनका निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव अंबियापुर के रहने वाले संतोष शाक्य खेती करके परिवार का पालन-पोषण किया करते थे। 30 अक्टूबर की सुबह सात बजे वह पैदल ही घर से खेत की ओर जा रहे थे। घर के पास ही पीछे से आ रहे गंगा एक्सप्रेस-वे पर पत्थर डालने वाले डंपर ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक भाग गया था।
वहीं सड़क हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को बिल्सी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। परिजन उनको निजी नर्सिंग होम में ले गए, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे कि उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने संतोष कुमार के शव को जिला मुख्यालय भेजा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भतीजे मुनीष पाल ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर चल रहे डंपरों की वजह से कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई आज तक नहीं हुई है। यही वजह है कि डंपर चालक लापरवाही से चलाते हुए रोड पर दौड़ा रहे हैं। बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे डंपर ने चाचा को टक्कर मार दी थी, जिसमें उनकी शनिवार को मौत हो गई। डंपर चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।