बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में असलहा के जोर पर किशोरी से दुष्कर्म किया गया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली गई। आरोपी ने किशोरी को जुबान खोलने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह लगातार किशोरी का शोषण करता रहा। पीड़िता का भाई पंजाब से जब घर आया तो उसने आपबीती सुनाई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
करीब तीन महीने पहले किशोरी घर में अकेली थी। उसकी मां गांव में ही एक स्कूल में रसोईया है तो वह बच्चों को खाना बनाने गई थी। इस दौरान गांव का ही युवक तमंचा लेकर उसके घर में घुस आया।
उसने चारपाई पर बैठी किशोरी को दबोच लिया और अंदर कमरे में ले गया। किशोरी ने शोर मचाना चाह तो उसने उसकी कनपटी पर तमंचा रख दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने कई बार किशोरी का शारीरिक शोषण किया।
मंगलवार को पंजाब में मेहनत-मजदूरी कर रहा उसका भाई घर आया तो पीड़िता ने उसको घटना की जानकारी दी। बुधवार को पीड़िता के भाई ने आरोपी के पिता से मामले की शिकायत करते हुए वीडियो डिलीट कराने को कहा तो वह सभी हमलावर हो गए।
इसके बाद पीड़िता के भाई ने पुलिस को तहरीर दी। एसएचओ बिसौली संजीव शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।